इकदिल बाजार में एसपी सिटी बबिता सिंह ने किया पैदल गश्त, व्यापारियों से लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
इकदिल, इटावा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में नवागंतुक अपर पुलिस अधीक्षक नगर बबिता सिंह ने थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान के साथ भारी पुलिस बल लेकर इकदिल मुख्य बाजार में पैदल गश्त की।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने बाजार की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और व्यापारियों व आमजन से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुरक्षा संबंधी जानकारी ली। पैदल गश्त का उद्देश्य अपराध व संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने, रात्रि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करना रहा।
एसपी सिटी बबिता सिंह ने सर्राफा व्यापारियों और दुकानदारों से बातचीत कर रात्रि सुरक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। पुलिस ने व्यापारियों से दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे चालू रखने और दुकान बंद करते समय आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने की अपील की।

पुलिस ने आमजन से किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
गश्त के दौरान चेयरमैन प्रतिनिधि अभिषेक गोयल, पूर्व चेयरमैन डॉ. सौरभ दीक्षित, सभासद सुनील राजपूत, कस्बा इंचार्ज मंजीत दयाल, एसआई विंदा प्रसाद, एसआई अवधेश कुमार, कांस्टेबल सचिन बाजपेई समेत पुलिस बल मौजूद रहा।
रिपोर्टर: अल्ताफ अंसारी
क्राइम ब्यूरो, इटावा






