शिकोहाबाद। उत्तर प्रदेश के शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर शनिवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्टेशन परिसर में खड़े एक सैंटिंग कोच में खाना बनाते समय अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे कोच को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के दौरान कोच में रखा सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया, जिसकी चपेट में आने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। स्टेशन अधीक्षक सहित रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। वहीं, सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, शनिवार को करीब दोपहर एक बजे रेलवे स्टेशन पर खड़े सैंटिंग कोच में खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक सिलेंडर में आग लग गई। आग लगते ही कोच में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में आग इतनी तेजी से फैल गई कि पूरा कोच धुएं और आग की लपटों से घिर गया।
बताया जा रहा है कि आग की चपेट में आने के बाद कोच में रखा सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। धमाके के दौरान पास मौजूद एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की सूचना रेलवे प्रशासन और पुलिस को दी।
फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी। हालांकि, तब तक सैंटिंग कोच के अंदर रखा काफी सामान जलकर राख हो चुका था। आग की वजह से पूरा कोच बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका अधिकांश हिस्सा खंडहर जैसा दिखाई देने लगा।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रभारी निरीक्षक भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। रेलवे प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। हादसे में घायल व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर खाना बनाते समय सिलेंडर में आग लगना हादसे की वजह माना जा रहा है। रेलवे प्रशासन की ओर से भी घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।
हादसे के कारण रेलवे स्टेशन परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। फायर ब्रिगेड की तत्परता से आग को और अधिक फैलने से रोक लिया गया। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
एंकर/रिपोर्टर क्रेडिट: जिला संवाददाता इक़बाल अहमद, भारत टीवी न्यूज़, इटावा।






