इटावा। जनपद में स्वाइन फ्लू के दो मामलों की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। दोनों मरीज इटावा जनपद के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इनमें से एक मरीज की आगरा और दूसरे की लखनऊ में जांच के दौरान स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है।
जानकारी मिलते ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. वी.के. सिंह के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संबंधित क्षेत्रों में पहुंचकर सर्वे और जांच-पड़ताल की। स्वास्थ्य विभाग दोनों मामलों पर नजर बनाए हुए है और संक्रमण को लेकर आवश्यक सावधानियां बरती जा रही हैं।
स्वाइन फ्लू के संभावित मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए जिला अस्पताल में छह बेड का अलग वार्ड आरक्षित किया गया है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जरूरत पड़ने पर मरीजों को तत्काल उपचार और निगरानी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

वहीं, जिला अस्पताल में स्वाइन फ्लू की जांच की सुविधा फिलहाल उपलब्ध नहीं है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा सैंपल लेने की व्यवस्था की जा रही है। सैंपल लेने के बाद उन्हें जांच के लिए सैफई पीजीआई भेजा जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी तरह के लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है। विभाग की टीमें स्थिति पर लगातार नजर रख रही हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वी.के. सिंह के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट है और जरूरत के मुताबिक व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जा रहा है।
