पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट में पुलिस परिसर पर हुए भीषण आतंकी हमले के बाद कई घंटों तक चले सुरक्षा अभियान में सभी आठ हमलावरों को मार गिराया गया। हमले में आत्मघाती विस्फोट के साथ गोलीबारी और ग्रेनेड हमले भी किए गए। घटना के बाद पूरे इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
रिपोर्टों के मुताबिक, हमला शुक्रवार को कोहाट के पुराने पुलिस लाइंस परिसर में हुआ। यह परिसर जिला पुलिस मुख्यालय के तौर पर इस्तेमाल होता है और यहां काउंटर टेररिज्म डिपार्टमेंट (CTD), स्पेशल ब्रांच समेत कई पुलिस इकाइयों के कार्यालय हैं। हमले के दौरान विस्फोटकों से भरी एक गाड़ी के जरिए परिसर को निशाना बनाया गया। इसके बाद हथियारबंद आतंकियों ने परिसर में घुसकर गोलीबारी शुरू कर दी।

हमले के बाद कुछ आतंकी स्पेशल ब्रांच की इमारत में घुस गए और वहीं छिपकर सुरक्षा बलों पर हमला करते रहे। आतंकियों की ओर से ग्रेनेड भी फेंके गए। इसके बाद पुलिस, CTD और सुरक्षा बलों ने संयुक्त अभियान शुरू किया और पूरे परिसर को घेर लिया। करीब 20 से अधिक घंटे चले अभियान के दौरान सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच कई बार भीषण गोलीबारी हुई।
AFP की रिपोर्ट के अनुसार, एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शनिवार को बताया था कि हमले और आत्मघाती विस्फोट में कम से कम 31 लोगों की मौत हुई, जिनमें 16 पुलिसकर्मी शामिल थे, जबकि 100 से अधिक लोग घायल हुए। कई घायलों की हालत गंभीर बताई गई थी।
हालांकि, बाद की स्थानीय रिपोर्टों में मृतकों की संख्या 23 बताई गई है। डॉन की 20 सितंबर की रिपोर्ट के अनुसार, करीब 21 घंटे चले अभियान के बाद सभी आठ आतंकियों को मार गिराया गया और पुलिस लाइंस परिसर को पूरी तरह साफ कर दिया गया। मृतकों में 17 पुलिसकर्मी और छह नागरिक शामिल बताए गए हैं।
ऑपरेशन के दौरान आतंकियों द्वारा किए गए ग्रेनेड हमले में CTD के अतिरिक्त IG के घायल होने की भी जानकारी सामने आई। इसके बावजूद सुरक्षा बलों ने अभियान जारी रखा और स्पेशल ब्रांच समेत परिसर के प्रमुख हिस्सों को खाली कराया।
हमले की जिम्मेदारी से जुड़े अलग-अलग दावे सामने आए हैं और पाकिस्तान की जांच एजेंसियां हमलावरों तथा उनके नेटवर्क की पहचान करने में जुटी हैं। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। कोहाट में हुए इस हमले ने पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा क्षेत्र में आतंकी गतिविधियों और सुरक्षा चुनौतियों को एक बार फिर सामने ला दिया है।
घटना से जुड़े वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें विस्फोट के बाद क्षतिग्रस्त पुलिस परिसर और मौके पर तैनात सुरक्षा बल दिखाई दे रहे हैं। अधिकारियों की ओर से लोगों से संवेदनशील इलाकों से दूर रहने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।






