दिल्ली के सत्य निकेतन में पांच मंजिला इमारत ढही, 3 की मौत; 9 लोगों का रेस्क्यू
नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को एक पांच मंजिला इमारत अचानक ढह गई। हादसे के बाद मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई। अब तक 9 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किए जाने की जानकारी सामने आई है, जबकि हादसे में 3 लोगों की मौत बताई जा रही है। तीन घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें एम्स ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि जिस इमारत में हादसा हुआ, वहां छात्रों के लिए पीजी भी संचालित होता था। रविवार को छुट्टी होने के कारण कई छात्र पीजी में मौजूद थे। इमारत गिरने की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के अधिकारी के मुताबिक, सूचना मिलने के बाद दमकल की आठ गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। पुलिस और विभिन्न विभागों की बचाव टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं और इलाके की घेराबंदी कर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने भी बचाव अभियान में मदद की। मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए उपलब्ध उपकरणों के साथ मलबा हटाया गया। राहत टीमों द्वारा लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
फायर विभाग को इमारत गिरने की सूचना रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे मिली थी। घटनास्थल दिल्ली के मोतीबाग क्षेत्र के आसपास बताया जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर दुख जताते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। फिलहाल बचाव अभियान जारी है और प्रशासन की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।






