इटावा। बकेवर थाना क्षेत्र में नाबालिग से छेड़छाड़ के मामले में वांछित आरोपी की रविवार को पुलिस से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, ग्राम व्यासपुर शाला के पास घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे घायल हालत में गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर को एक व्यक्ति ने बकेवर थाने में तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि उसकी करीब 16 वर्षीय बहन के साथ उरेंग निवासी नईम अली ने छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर मारपीट, जातिसूचक गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी।
घटना से परेशान किशोरी द्वारा टॉयलेट क्लीनर पीने की बात भी तहरीर में सामने आई थी। इसके बाद पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी।
रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित नईम अली व्यासपुर शाला के पास मौजूद है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने पुलिस टीम पर फायर किया, जिसके बाद आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, तीन जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। मुठभेड़ के संबंध में आर्म्स एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं में अलग मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।






